चौरीचौरा इलाके के भटगावां में एक भट्ठे पर के पास गिरा वज्रपात
चौरीचौरा। इलाके के भटगावां में बृहस्पतिवार सुबह बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से छह लोग बेहोश हो गए। जबकि एक महिला व एक किशोरी चपेट में आकर झुलस गईं। सीएचसी पिपराइच में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस और तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक, सुबह आठ बजे तेज गरज और चमक के बीच बारिश शुरू हुई तो भटगावां स्थित संत यादव के ईंट भट्ठा के पास मौजूद बांस के पेड़ पर वज्रपात गिर गया। चिंगारी बांस के पेड़ से टकरा कर बगल में बने टिनशेड पर चली गई। इस पर तेज आवाज से ईंट भट्ठे पर काम करने वाले छह लोग डरकर बेहोश हो गए। इसमें अधिकतर बच्चे बताए जा रहे हैं। कुछ देर बाद सभी को होश आया गया। लेकिन घटना में भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करने वाली डुमरी खुर्द की पूजा (30) और प्रीति (12) झुलस गईं।
अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दिया तो मौके पर पहुंची एंबुलेंस दोनों घायलों को लेकर इलाज के लिए सीएचसी पिपराइच पहुंची। वहां इलाज के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार होने पर एम्बुलेंस से ईंट भट्ठे पर छोड़ दिया गया। जहां से वह अपने डुमरी खुर्द स्थित घर चली गईं। सूचना पाकर डायल 112 की पुलिस और तहसील से हलका लेखपाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली।