गोरखपुर। सहालग का सीजन शुरू हो गया है। एक माह तक शहनाई बजेगी। उसके बाद खरमास लग जाएगा। शहर के विभिन्न मैरिज हाल मांगलिक कार्यक्रम के लिए बुक हो चुके हैं। 17 नवंबर से लग्न तेज होगा। जिले में लगभग छह हजार शादियां होने का अनुमान है। बुधवार को शहर के मेडिकल रोड पर बैंड बाजे की धुन पर लोग बराती नाचते गाते सड़कों पर देखे गए।
शहर के हरिओम नगर स्थित मैरिज हाउस में बुधवार को बड़े ही उत्साह के साथ मांगलिक कार्यक्रम में महिला संगीत का आयोजन हुआ। महिलाएं खूब थिरक रही थीं। लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि शादी 17 नवंबर को वाराणसी में होनी है। इसको लेकर यहां महिला संगीत का कार्यक्रम किया जा रहा है। मैरिज हाल के संचालक विजय खेमका ने बताया कि 25 नवंबर के लिए ज्यादा लोग आ रहे हैं, जबकि इस दिन हमारा मैरिज हाल बुक हो चुका है।
पंडित विकास मालवीय का कहना है कि अभी बैंड बाजा-बारात का सीजन शुरू हुआ है, जो एक महीने तक चलेगा। देवोत्थान एकादशी के दिन काफी शादियां हुईं हैं। इसके बाद 17 नवंबर से लगन में शादियां होंगी। दिसंबर माह में 17 से खरमास लगने पर एक बार फिर मांगलिक आयोजनों पर लगाम लग जाएगा। इसके बाद अगले वर्ष मकर संक्रांति से लगन खुलेगा और मांंगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाएंगे।