गोर्रा नदी के पुल के पास से युवक के लापता होने का मामला
एनडीआरएफ और पुलिस की टीम नदी में कर रही तलाश, अभी तक नहीं मिला सुराग
ब्रह्मपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के गोर्रा नदी स्थित इटौवा पुल पर शुक्रवार की शाम एक साइकिल और चप्पल मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच में पता चला कि यह फैलहा निवासी विनोद यादव (45) की है, जो शुक्रवार दोपहर से लापता है। पुलिस ने गोर्रा नदी में युवक के कूदने की आशंका के चलते एनडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कर रही है।
परिजनों ने बताया कि विनोद बेटे हिमांशु के साथ दोपहर करीब तीन बजे नई बाजार गया था। उसने बेटे को ट्यूशन छोड़ा और खुद कहीं चला गया। जब शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि उसकी साइकिल और चप्पल इटौवा पुल पर पड़ी है। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साइकिल की पहचान की। झंगहा पुलिस ने जांच शुरू की और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। देर शाम तक नदी में गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक विनोद का कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में झंगहा थानाप्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम की मदद से गाेर्रा नदी में युवक की तलाश की जा रही है।