गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज खेल मैदान पर गोरखपुर फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को तीन मुकाबले खेले गए। इनमें सेंट जूड्स स्कूल और एमपी फुटबॉल क्लब व सेंट एंड्रयूज फुटबॉल क्लब एवं टाउन क्लब बांसगांव के मुकाबले ड्रा हो गए। तीसरे मैच में सद्भावना फुटबॉल क्लब ने शानदार जीत दर्ज की।
पहला मैच सेंट जूड्स स्कूल और एमपी फुटबॉल क्लब के मध्य खेला गया। खेल काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इस मैच के निर्णायक अमरनाथ, मेहताब अहमद, फखरुद्दीन और आमिर खान रहे। दूसरा मैच सेंट एंड्रयूज फुटबॉल क्लब और टाउन क्लब बांसगांव के मध्य खेला गया। यह मैच भी गोल रहित बराबरी पर समाप्त हुआ। इस मैच के निर्णायक भुवाल प्रसाद, अश्वनी यादव, घनश्याम सिंह और संजय साहनी रहे। तीसरा मैच सद्भावना फुटबॉल क्लब और चारगांव फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। इसमें सद्भावना क्लब 4-0 से विजेता बनी।
इससे पहले मुख्य अतिथि फादर जैसन इमेनुएल प्रधानाचार्य लिटिल फ्लावर गीडा और विशिष्ट अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव आदित्य प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। इस दौरान डॉ. अमिल हयात खान, एनपी गौड़, हमजा खान, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, भूपेंद्र मिश्र, विवेक यादव, शशांक तिवारी, सुमित चौबे आदि मौजूद रहे।