गोरखपुर। मोहद्दीपुर ओवरब्रिज के बगल में शहीद शिव सिंह छेत्री की प्रतिमा से लेकर ताड़ीखाना तक 1.85 करोड़ रुपये से नगर निगम सड़क और नाली निर्माण कराएगा। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क बनाने के लिए त्वरित आर्थिक योजना के तहत प्रस्ताव तैयार किया गया है।
मंगलवार को मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने वार्ड नंबर 23 शहीद शिव सिंह छेत्री नगर की सफाई व्यवस्था, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और वार्ड में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने कहा कि मोहद्दीपुर ओवरब्रिज के बगल में शहीद शिव सिंह छेत्री की प्रतिमा से लेकर ताड़ीखाना तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण त्वरित आर्थिक योजना के तहत कराने के लिए प्रस्ताव तैयार हो चुका है। इस सड़क पर जलनिगम द्वारा सीवर लाइन डालने की योजना है। सीवर लाइन पड़ने के बाद सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यहां के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सकेगी। वार्ड में जगह-जगह स्ट्रीट लाइट जलती मिली, जिसपर नगर आयुक्त ने जिम्मेदारों को ठीक करने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही मेयर ने वार्ड के लोगों की समस्याओं को सुना और निस्तारण के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 23 के पार्षद चंद्रभान प्रजापति और 22 के पार्षद राजेश कुमार उपस्थित रहे।