गोरखपुर। शहर के उत्तरी छोर पर स्थित चिलुआताल भी जल्द ही रामगढ़ताल की तरह खूबसूरत दिखेगा। अब ताल के दूसरे छोर पर भी लेक व्यू प्वाइंट बनेगा। जहां ताल में बैठने के लिए एक सेंटर होगा। चारों तरफ फुटपाथ बनेगा। यहां बोटिंग, खानपान और दुकानें होंगी। परिवार के साथ लोग सैर-सपाटा करेंगे और लजीज व्यंजन के साथ खरीदारी कर सकेंगे। इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।
चिलुआताल को पयर्टन केंद्र बनाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले खाद कारखाना की तरफ लेक व्यू प्वाइंट बनाया जा रहा है। यहां 60 फीसदी काम हो चुका है। बालापार-टिकरिया फोरलेन स्वीकृत होने के बाद प्रशासन ने ताल के दूसरे छोर पर भी लेक व्यू प्वाइंट बनाने का निर्णय लिया है। फोरलेन बनने के बाद ताल तक पहुंचना आसान हो जाएगा और एक बड़ी आबादी ताल तक आसानी से पहुंच सकेगी। इसके लिए पर्यटन विभाग ने प्रशासन से जमीन मांगी है। प्रस्ताव के मुताबिक, फूड कोर्ट क साथ ही कुछ दुकानें बनेंगी, जहां एक जिला एक उत्पाद की वस्तुएं बिकेंगी। आधुनिक शौचालय, घाट, गजेबिया, शौचालय, 100 लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाए जाएंगे।
-
नवंबर तक तैयार हो जाएगा पहला लेक व्यू प्वाइंट
चिलुआताल में पहले से एक लेक व्यू प्वाइंट बन रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से यहां 560 मीटर लंबे घाट, गजेबिया, शौचालय, बेंच आदि के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। ताल के सुंदरीकरण के बाद यह पर्यटन का नया केंद्र बन जाएगा। ऐसे में अब तक यहां जो लोग आने से लोग कतराते हैं, आने वाले समय में यहां की खूबसूरती देखने पहुंचेगे और सुबह और शाम सैर करने के साथ चाय की चुस्कियां लें सकेंगे। नवंबर तक पहला लेक व्यू प्वाइंट बनकर तैयार हो जाएगा।
-
भजन संध्या स्थल के लिए अब रामगढ़ताल क्षेत्र में जमीन की तलाश
गोरखपुर। गोरखपुर में यूपी का पांचवां भजन संध्या स्थल बनेगा। इसके लिए जमीन की तलाश तेज हो गई है। चिलुआताल में 33 हजार वर्ग मीटर जमीन मिली है। प्रशासन रामगढ़ताल में भी जमीन की तलाश में जुटा है। ताकि आबादी वाले इलाके में केंद्र खुलेगा तो ज्यादा से ज्यादा लोग भजन-कीर्तन में शरीक हो सकेंगे।
प्रदेश सरकार ने अयोध्या, काशी, प्रयागराज, चित्रकूट और गोरखपुर में भजन संध्या स्थल बनाने का निर्णय लिया था। इसके लिए धर्मार्थ कल्याण विभाग ने राजकीय निर्माण निगम को एजेंसी नामित किया है। काफी कोशिशों के बाद चिलुआताल के पास 33 हजार वर्ग मीटर जमीन मिली है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री के सामने इसका प्रेजेंटेशन किया गया था। इसके बाद उन्हाेंने भजन स्थल केंद्र को आबादी वाले इलाके में बनाने का सुझाव दिया। अब प्रशासन रामगढ़ताल क्षेत्र में जमीन तलाश रहा है।
-
कोट
चिलुआताल में दूसरे छोर पर भी लेक व्यू प्वाइंट बनाया जाएगा। बालापार-टिकरिया फोरलेन का निर्माण होने के बाद उस इलाके के लोग दूसरे छोर पर आसानी से पहुंच सकेंगे। भजन संध्या स्थल के लिए रामगढ़ताल क्षेत्र में भी जमीन की तलाश की जा रही है। जल्द ही जमीन चिह्नित कर लिया जाएगा।
कृष्णा करुणेश, डीएम