गोरखपुर। शाहपुर इलाके में 12 लाख रुपये लेकर पोखरे की जमीन रजिस्ट्री करने वाले जालसाजी के आरोपी प्रॉपर्टी डीलर राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 22 अगस्त 2024 को ही केस दर्ज किया गया था, तभी से आरोपी भागा हुआ था। आरोपी को सोमवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भिजवाया गया। पकड़ा गया आरोपित राजेश गुप्ता उर्फ झल्लू खरैया पोखराब बशारतपुर का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत रेलकर्मी रमाशंकर प्रसाद की पत्नी ऊषा देवी ने केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक रेलकर्मी के घर उनका आना-जाना था। उन्होंने ही बताया कि उनके बेटे का मित्र राजेश प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। वह साफ सुथरी जमीन दिलवा देगा। बातों पर विश्वास करके गए तो दूसरे जमीन को दिखाया गया और फिर दूसरी जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई। कब्जा की मांग करने पर आनाकानी करते थे। बाद में पता चला कि जिस जमीन की रजिस्ट्री की गई है, वह पोखरे की जमीन है। इस तरह से 12 लाख रुपये हड़प लिया गया। मामले की जांच कर रही पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भिजवा दिया गया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।