गोरखपुर। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन गोरखपुर और बांसगांव संसदीय सीट से कुल 26 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया। इसमें गोरखपुर से सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों समेत 22 लोगों ने पर्चा लिया, जबकि बांसगांव लोकसभा क्षेत्र से भाजपा व गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी समेत चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया है। किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी सांसद रवि किशन शुक्ल, सपा प्रत्याशी काजल निषाद, बसपा के जावेद सिमनानी ने चार-चार सेटों में पर्चा लिया। इसके अलावा जनवादी पार्टी से श्रवण कुमार चौहान, भागीदारी पार्टी (पी) से शिव शंकर प्रजापति, जनता शासन पार्टी से चंद्रशेखर सिंह, अलहिंद पार्टी से राम प्रसाद, भारतीय सर्वजन पार्टी से श्रवण एडवोकेट, अखिल भारत हिंदू महासभा से सुधांशु कुमार श्रीवास्तव, भारतीय जनवाद किसान पार्टी से आंनद कुमार यादव ने पर्चे लिए।
इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कन्हई, अशोक, लालधारी यादव, राधेश्याम सेहरा, दिनेश कुमार यादव, त्रिभुवन नारायन सिंह, पिंटू साहनी, नफीश अख्तर, मकसूद आलम, महेंद्र कुमार, अजय कुमार गोंड व अनिल यादव ने नामांकन पत्र लिया है। वहीं, बांसगांव संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कमलेश पासवान, इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी सदल प्रसाद, निर्दल श्रवण निराला और हीरालाल ने पर्चा लिया है।
14 तक जमा होगा नामांकन पत्र, 15 को होगी जांच
गोरखपुर। नामांकन पत्र को प्राप्त करने और जमा करने की अंतिम तिथि 14 मई है। सार्वजनिक अवकाश का दिन छोड़कर किसी भी दिन सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र लिया और जमा किया जा सकता है। गोरखपुर के एडीएम एफआर कोर्ट और बांसगांव के लिए एडीएम भूमि एवं राजस्व कोर्ट में नामांकन की प्रक्रिया होगी। रिटर्निंग आफिसर ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 15 मई को होगी। 17 मई को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस लिया जा सकेगा।
-
दो व्यय प्रेक्षक शहर पहुंचे
गोरखपुर। एडीएम सिटी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए निर्वाचन आयोग से व्यय प्रेक्षक कैप्टन प्रदीप शौर्य आर्य और बांसगांव सुरक्षित सीट पर व्यय प्रेक्षक राजेश रैना मंगलवार को आए गए हैं। उन्हें सर्किट हाउस में ठहराया गया है।