फर्जी मेडिकल डिग्री प्रकरण में खाेराबार थाने से राजस्थान भेजी गई रिपोर्ट
खोराबार में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर के पास से मिली हैं मेडिकल की 21 डिग्रियां
गोरखपुर। खोराबार पीएचसी के संविदा डॉक्टर के पास से मिलीं मेडिकल की 21 डिग्रियों की जांच अब राजस्थान एसटीएफ भी करेगा। राजस्थान एसटीएफ ने हाल ही में फर्जी डिग्री मामले में फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित जेएस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुकेश यादव और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। एसटीएफ ने जिले की पुलिस से संपर्क कर जेएस विश्वविद्यालय से मिली डिग्री और अब तक की जांच रिपोर्ट मांगी है। खाेराबार थाने से रिपोर्ट जयपुर भेज दी गई है।
खोराबार थाने की पुलिस ने 24 फरवरी को पीएचसी के डॉ. राजेश कुमार व उसके साथी संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली थाना के पठान टोला निवासी सुशील कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया था। उनके पास से मेडिकल की 21 डिग्रियां मिली थीं। इसमें चार डिग्री जेएस विश्वविद्यालय की थी। बुधवार को खोराबार थाने से केस की रिपोर्ट और जेएस विश्वविद्यालय की चार डिग्रियां राजस्थान एसटीएफ के पास ई-मेल के जरिये भेजी गईं।
खोराबार पुलिस भी कर रही पूछताछ की तैयारी
मेडिकल की फर्जी डिग्री की जांच में खोराबार पुलिस भी जेएस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और कर्मचारी से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। खोराबार पीएचसी के डॉ. राजेश कुमार से कुलाधिपति की बातचीत के कुछ साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं। उसे पुख्ता करने के लिए डॉक्टर का मोबाइल फिर से खंगाला गया है।
एनबीडब्ल्यू लेगी पुलिस
डॉ. राजेश से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि नोएडा का एक व्यक्ति डिग्री छापकर भिजवाता था। डॉक्टर और उसका साथी कैरियर की तरह काम कर रहे थे। खोराबार पुलिस दो बार नोएडा और गाजियाबाद में आरोपी के ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन कामयाबी नहीं मिली है। खोराबार पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कोर्ट से एनबीडब्ल्यू लेकर गिरफ्तारी के लिए इनाम रखने की तैयारी कर रही है।
ये 21 डिग्रियां मिली थीं
राजीव गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस कर्नाटक यूनिवर्सिटी
आयुर्वेदिक और युनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड
ओपीजेएस यूनिवर्सिटी चुरू, राजस्थान
उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल
आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी
जेएस विश्वविद्यालय शिकोहाबाद
आयुष एंड हेल्थ साइंस यूनिवर्सिटी ऑफ छत्तीसगढ़
आईएफटीएम यूनिवर्सिटी मुरादाबाद
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ
वर्जनजयपुर एसटीएफ से फर्जी डिग्री मामले में वार्ता हुई है। इस केस की प्रगति रिपोर्ट और जेएस विश्वविद्यालय की डिग्री भेजी गई है। अन्य विश्वविद्यालयों की डिग्री का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी