गोरखपुर। नंदानगर स्थित एमईएस परिसर के 42 एकड़ में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट का लेआउट और डिजाइन तैयार करने के लिए दिल्ली से कंसलटेंट की एक टीम बृहस्पतिवार को गोरखपुर पहुंची। टीम ने यहां एयरपोर्ट निदेशक और तकनीकी अधिकारियों के साथ परिसर का जायजा लिया। एयरपोर्ट का ले-आउट तैयार कर टीम संबंधित अथॉरिटी को सौंपेगी। इसके लिए टीम को छह महीने का समय दिया गया है। वहीं नए एयरपोर्ट के शिलान्यास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।
एयरपोर्ट निदेशक आरके परासर ने बताया कि टीम ने पूरे परिसर का जायजा लिया है। अब वह लेआउट तैयार कर एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंपेगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी। 42 एकड़ के करीब 18 हजार वर्गफीट में एयरपोर्ट के भवन निर्माण होगा, बाकी एरिया में टेकऑफ, लैडिंग, पार्किंग की व्यवस्था होगी। नए एयरपोर्ट के लिए 1172 करोड़ का बजट रखा गया है। जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों रक्षा मंत्रालय ने गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए 42.14 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की अनुमति दी थी।
प्रस्ताव में ए-320 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए नया सिविल एन्क्लेव, बसेमेंट सहित 62,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला नया टर्मिनल भवन, इससे जुड़ने वाले वॉकवे के साथ ही बेसमेंट और बहुस्तरीय कार पार्किंग, 3.5 मीटर शोल्डर के साथ 23 मीटर चौड़ाई के दो लिंक्ड टैक्सीवे शामिल हैं। करीब 28,000 वर्गमीटर क्षेत्र में 900 कारों और टर्मिनल भवन के बेसमेंट पार्किंग में 300 गाड़ियों को पार्क करने की व्यवस्था की जा रही है। 1172 करोड़ रुपये से एयरपोर्ट का विस्तार होना है।