सड़कों व पंडाल लगने वाले जगहों की हो रही सफाई, सही किए जा रहे बिजली के तार
पादरी बाजार (गोरखपुर)। कुसम्ही जंगल में स्थित गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में वनटांगियों संग सीएम योगी आदित्यनाथ दिवाली मनाएंगे। सीएम के स्वागत को लेकर गांव में तैयारी तेजी से चल रही है। सड़क से लेकर पंडाल तक तैयारी की जा रही है।
बुधवार को वनटांगिया गांव में सड़कों की सफाई के लिए मजदूरों ने पूरे दिन कार्य किया। कार्यक्रम स्थल पर जेसीबी लगाकर मिट्टी के बराबर करने का कार्य चल रहा है। लोहे की बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। सड़क किनारे की घास को साफ करने में मजदूर लगे थे। गोरखपुर-पिपराइच मार्ग से तिनकोनिया जंगल जाने वाले रास्ते पर मजदूर लगाकर मिट्टी भराई का काम शुरू कर दिया गया है। मजदूरों ने हेलीपैड के आसपास सफाई शुरू कर दी है। बिजली विभाग कर्मचारी भी कार्य करते देखे गए।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने कहा कि बिजली के तारों को सही करने का कार्य चल रहा है, जो बृहस्पतिवार तक समाप्त हो जाएगा। वहीं लोगों के घरों में खराब हुए पानी की टोटियों को बदलने व पोल पर खराब एलईडी लाइट को सही करने का कार्य भी चल रहा है। ग्रामीण राम रतन ने बताया कि हमलोग हर साल सीएम योगी का इंतजार करते हैं। वह हमारे साथ दिवाली मनाते हैं। इस साल भी उनके आगमन को लेकर स्वागत की तैयारी की जा रही है।