सत्र 2025-26 की पीएचडी के लिए शोध पात्रता परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सत्र 2025-26 की शोध पात्रता परीक्षा (रेट) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। पीएचडी में प्रवेश के लिए ''''रेट'''' फरवरी में प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि शोध एवं विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) ने विभागवार पीएचडी की रिक्त सीटों का ब्योरा मांगा था। दो को छोड़कर सभी विभागों ने ब्योरा उपलब्ध करा दिया है। इन दो विभागों के भी एक-दो दिन में ब्योरा उपलब्ध करा देने की संभावना है। इसके बाद सीट मैट्रिक्स जारी कर दी जाएगी।
सीट मैट्रिक्स जारी होने के बाद ''''रेट'''' के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय में संविदा शिक्षकों को भी शोध निर्देशक बनाए जाने के निर्णय से माना जा रहा है कि इस बार प्रोफेशनल कोर्सेज में अच्छी संख्या में सीटें निकलेंगी।
शोध एवं विकास प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रामवंत गुप्ता ने बताया कि सीट मैट्रिक्स जल्द जारी हो जाएगी। उसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।