एमडी निधि से हो रहा कार्य, प्रचंड गर्मी में मिलेगी राहत
गोरखपुर। गर्मी में उपभोक्ताओं को बिजली फॉल्ट से राहत देने के लिए बिजली निगम ने तैयारी कर ली है। शहर में 28 बिजली घरों के 63 पॉवर ट्रांसफार्मर की देखभाल व अन्य सामग्री बदलने के लिए एमडी विवेकाधीन कोष से लगभग 2.53 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पॉवर ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रखने के लिए कार्य चल रहा है।
इस व्यवस्था से शहर के उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी। पॉवर ट्रांसफार्मर सुरक्षित हो जाने से इसमें जल्दी खराबी नहीं आएगी। साथ ही बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी। इसके तहत करंट ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। पुराने वैक्यूम सर्किल ब्रेकर को बदलने व जहां यह खराब है वहीं दूसरा लगाने का कार्य चल रहा है। कंट्रोल पैनल के साथ पाॅवर ट्रांसफार्मर पर लाइटिंग अरेस्टर भी लगाया जा रहा है। फ्यूसेट भी जहां नहीं था वहां लग रहा है। बताया जा रहा है कि उपकेंद्रों में पॉवर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित रखने व 33 केवी की लाइन को काटने के लिए उपकेंद्रों पर स्विच लगाए जा रहे हैं। जिससे पॉवर ट्रांसफार्मर की लाइट आवश्यकता पड़ने पर उपकेंद्र से ही काट दी जाएगी। इससे तत्काल खराब ट्रांसफार्मरों को ठीक किया जा सकेगा।
कोट-
पाॅवर ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व देखभाल को लेकर कार्य चल रहा है, कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा भी हो चुका है। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी में फाल्ट से राहत मिलेगी।
- लोकेंद्र बहादुर सिंह, अधीक्षण अभियंता शहरी
-