सीएम योगी बोले-ब्रिटिश उपनिवेश की चर्चा होती है, राजनीतिक इस्लाम की नहीं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में अंग्रेजों के वर्षों तक किए गए शासन ब्रिटिश उपनिवेश की चर्चा होती है। फ्रांस के उपनिवेश की चर्चा होती है पर राजनीतिक इस्लाम की कहीं चर्चा नहीं होती। इसने आस्था पर सर्वाधिक कुठाराघात किया।
सीएम योगी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष पर गोरखपुर विभाग की ओर से आयोजित विचार-परिवार कुटुंब स्नेह मिलन एवं ‘दीपोत्सव से राष्ट्रोत्सव’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंगलवार देर शाम योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटिश उपनिवेशवाद और फ्रांस के उपनिवेशवाद के खिलाफ हमारे पूर्वज लड़े थे। साथ ही राजनीतिक इस्लाम के खिलाफ भी हमारे पूर्वजों ने बड़ी-बड़ी लड़ाइयां लड़ी थीं।
उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह, महाराणा प्रताप, महाराणा सांगा को हम इसी बात के लिए स्मरण करते हैं। इसी बात को लेकर हम उनको राष्ट्र नायक के रूप में सम्मान देते हैं। सीएम योगी ने कहा कि यह राजनीतिक इस्लाम वही है जो आज छांगुर के रूप में डेमोग्राफी को चेंज करके राष्ट्र माता के टुकड़े-टुकड़े करने की मंशा के साथ कार्य कर रहा है। उससे सतर्क रहने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज समाज को जोड़ने के लिए जिस अभियान को आगे बढ़ा रहा है वह अत्यंत अभिनंदनीय प्रयास है।
कालनेमि बनकर षड्यंत्र रच रहा था छांगुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बलरामपुर के जलालुद्दीन उर्फ छांगुर के षड्यंत्रों का पर्दाफाश इस बात का उदाहरण है कि किस तरह कुछ लोग समाज को भीतर से तोड़ने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि छांगुर “कालनेमि” की तरह धर्मांतरण, राष्ट्रविरोधी और अराजक गतिविधियों में शामिल था। उसने विभिन्न जातियों की बालिकाओं के धर्मांतरण के लिए रेट तक तय कर रखे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छांगुर जैसे लोगों के पास जो पैसा पहुंचता है, वह बाहरी नहीं बल्कि देश के नागरिकों की जेब से निकल रहा है। यह पैसा हलाल सर्टिफिकेशन वाले उत्पादों की बिक्री से एकत्रित किया जाता है। यह पैसा लव जिहाद, आतंकवाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों में इस्तेमाल होता है। जब जांच की गई तो पता चला कि लगभग 25,000 करोड़ रुपये का लेन-देन हलाल सर्टिफिकेशन से जुड़ा है, जिसे भारत सरकार की किसी एजेंसी ने मान्यता नहीं दी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सामान खरीदते समय हलाल सर्टिफिकेशन से बचें, क्योंकि यही पैसा देशविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देता है।
हिंदू समाज को बांटने की हो रही कोशिश
सीएम योगी ने कहा कि हिंदू समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर विभाजित करने की साजिश फिर से शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट बनाकर सनातन धर्म और देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी जाति के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के होते हैं, इसलिए समाज को ऐसे विभाजनकारी प्रयासों के खिलाफ जागरूक रहना होगा। रामायण का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि कालनेमि, ताड़का और शूर्पणखा जैसे पात्र हर युग में प्रासंगिक हैं। आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो छल-प्रपंच से हिंदू परिवारों में घुसपैठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवारों को सतर्क रहना होगा और विधर्मी विचारधारा की घुसपैठ को रोकना होगा।
जहां सरकार नहीं पहुंचती, वहां संघ काम करता है
जहां सरकार नहीं पहुंच पाती, वहां संघ काम करता है। संघ ने शिक्षा, श्रम, वनवासी कल्याण और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया है। आरएसएस ऐसा संगठन है, जो “राष्ट्र प्रथम” की भावना से कार्य करता है। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर तय किए गए पंच परिवर्तन सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी से आत्मनिर्भरता और नागरिक कर्तव्य को विकसित भारत की आधारशिला बताया।