जिले में 27 बदमाशों पर पांच से अधिक केस, 107 बदमाश पर दो से अधिक केस
दो बदमाशों पर कार्रवाई कर पुलिस ने जब्त कर चुकी है उनकी अवैध संपत्ति
गोरखपुर। जिले में सक्रिय पशु तस्करों पर आर्थिक चोट पहुंचा कर उन्हें कमजोर करने की तैयारी है। पुलिस ने जिले के 134 पशु तस्करों को चिह्नित किया है, जिन पर कार्रवाई होनी है। पुलिस ने इनमें से चार तस्करों की हिस्ट्रीशीट खोल भी दी है। साथ ही गैंगस्टर के तहत पशु तस्करों की संपत्ति भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। दो बदमाशों की अवैध संपत्ति जब्त भी की जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, गोला के वार्ड नंबर 9 निवासी सरोज हुसैन, उसके भाई आजाद हुसैन, उरुवा बाजार थाना क्षेत्र के भरधरी निवासी मनोज यादव और गुलरिहा के हरसेवकपुर निवासी सोनू यादव उर्फ सोनू उर्फ विरेंद्र की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। सरोज पर तीन, आजाद पर तीन मनोज पर पांच और सोलू पर आठ केस दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सभी की हिस्ट्रीशीट खोलकर नियमित निगरानी का निर्देश दिया है। उधर, इनके वाहनों पर कार्रवाई भी नए धारा के तहत शुरू कर दी गई है।
दरअसल, इसे लेकर डीजीपी ने बीते दिनों एक पत्र जारी कर आबकारी और पशु तस्करों के मामले में गाड़ी सीज करने में पुलिस द्वारा की जा रही गलती पर सतर्क किया था। इसके बाद पुलिस ने गलती सुधारनी शुरू कर दी है। अब तक पांच वाहनों पर नए कानून की धारा के तहत कार्रवाई भी कर दी गई है। पहले एमवी एक्ट में सीज होने के चलते तस्करों के वाहन आसानी से छूट जाते थे, लेकिन नए कानून की धारा 5-ए के तहत जब्त किए गए वाहन मामले का निपटारा होने तक थाने में ही रहेंगे।
...
दो और पांच से अधिक केस वाले पशु तस्करों की सूची तैयार
पशु तस्करों पर कार्रवाई के लिए नोडल बनाए गए एसपी सिटी अभिनव त्यागी के निर्देश पर जिले भर में दो और पांच केस वाले तस्करों की सूची तैयार की गई है। इसमें 27 ऐसे तस्कर चिह्नित किए गए हैं, जिन पर पांच या उससे अधिक केस दर्ज हैं, जबकि 107 पर दो केस दर्ज हैं।
.......
कोट-
पशु तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। चार पशु तस्करों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। कई पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। तस्करों की संपत्तियों पर भी कार्रवाई चल रही है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
- डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी