खोराबार। थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस व्यक्ति की 16 साल पहले मौत हो चुकी है, उसके खिलाफ पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज कर दिया है। एक महिला ने उसके साथ ही अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है। खास बात यह है कि जिसकी मौत हो चुकी है, उसी व्यक्ति के साथ झगड़े की शुरुआत बताई गई है। आरोपी पक्ष जहां इसे फर्जी केस बता रहा है तो वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है। विवेचना में अगर कोई मृतक सामने आया तो उसका नाम निकाल दिया जाएगा।
खोराबार थाना क्षेत्र के कुई बाजार निवासी रेनू गुप्ता पत्नी सुरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 15 अगस्त की शाम करीब 7:25 बजे वह अपने दरवाजे के सामने खड़ी थी। तभी उनके गांव का बैजनाथ आया और गाली देते हुए हाथ पकड़ कर जमीन पर गिरा दिया। वह शोर मचाने लगी उसके पति सुरेश भी आ गए। महिला के पति को बैजनाथ के साथ ही ओमप्रकाश और राम तथा पट्टू गाली देते हुए डंडे व रॉड से मारने पीटने लगे। इन लोगों ने जान-माल की धमकी भी दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर बैजनाथ, ओमप्रकाश, राम यादव और पट्टू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2), 352 , 351 (3), 126 (2) के तहत केस दर्ज किया।
वहीं दूसरे पक्ष के राम यादव का आरोप है कि 15 अगस्त की शाम मेरे पिता ओमप्रकाश ऑटो लेकर घर आ रहे थे। घर से पहले सुरेश गुप्ता का मकान है। जब गाड़ी उनके दरवाजे पर पहुंची तो सुरेश और उनके परिवार के लोग गाली देते हुए मारने पीटने लगे। इस मामले में राम ने 16 अगस्त की सुबह बेलवार चौकी इंचार्ज को मारपीट के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने दूसरे पक्ष से भी केस दर्ज कर लिया है। वहीं जांच में सामने आया कि महिला ने जिस बैजनाथ पर मारपीट कर हाथ पकड़कर नीचे गिराने का आरोप लगाया है, उसकी छह अगस्त 2008 को मौत हो चुकी है।