सम्मान निधि जारी होने के अवसर पर केबीके बेलीपार में कृषि गोष्ठी का हुआ आयोजन
गोरखपुर। प्रधानमंत्री द्वारा वाराणसी से शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र बेलीपार में गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के तहत 9.70 करोड़ से अधिक किसानों को 20,500 करोड़ रुपए की सम्मान राशि सीधे खाते में हस्तांतरित की है। यह योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए वरदान है। इसके तहत पात्र किसानों को तीन समान किस्तों में सालाना 6,000 रुपये उनके खातों में भेजे जाते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों को विभिन्न योजनाओं से लाभ पहुंचा रही है। कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और किसान समाज के प्रमुख वर्गों में से एक हैं। केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ एसके यादव ने किसानों के हित में चलाई जा रही परियोजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. धनंजय सिंह ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्मों के बारे में जानकारी दी।
उप निदेशक कृषि धनंजय सिंह ने बताया कि जिले में 5.29 लाख किसान प्रधानमंत्री सम्मान निधि में शामिल हैं। जल्द ही इन लोगों के खाते में किश्त की धनराशि ट्रांसफर हो जाएगी।