मैनअुल रिपोर्ट से मिलान कर ठीक की जा रहीं गलतियां, जल्द ही जारी होने लगेगी खतौनी
34 गांवों में अभी चल रही चकबंदी, यहां के लोगों को खतौनी के लिए करना होगा इंतजार
गोरखपुर। सदर तहसील के 17 गांवों की खतौनी ऑनलाइन अपलोड हो गई है। अब सर्वे कराकर तैयार मैनुअल रिपोर्ट से डेटा का मिलान किया जा रहा है। जल्द ही इन गांवों की खतौनी मिलने की उम्मीद है। उधर, 34 गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है, जिससे यहां के लोगों को अभी खतौनी के लिए इंतजार करना होगा।
तहसील प्रशासन ने चकबंदी के बाद विवाद हल होने पर 17 गांवों का सर्वे कराकर सही डेटा तैयार कराया है। इनमें ज्यादातर गांव नदी के पास वाले हैं। नए फसली वर्ष के अनुसार इन गांवों का डेटा तैयार किया गया है। अब तहसील में एक-एक गांव का डेटा गाटा संख्या के अनुसार मिलान किया जा रहा है। मिलान के बाद इसे राजस्व परिषद से भू-लेख की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। फिर रियल टाइम खतौनी के लिए अंश निर्धारण का काम किया जाएगा।
सदर तहसील में अब भी 34 गांव ऐसे हैं, जहां चकबंदी चल रही है। इसमें सबसे बड़े आबादी वाला जंगल कौड़िया ग्राम पंचायत है जिसके 16 टोला की चकबंदी 2024 में शुरू हुई, लेकिन अभी तक अधूरी है। चकबंदी अधिकारी माया शंकर सिंह का कहना है कि कुछ मामलों में विवाद है, जिसका निस्तारण तेजी से किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में चकबंदी की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
-
इन गांवों की है खतौनी
पोतहरा, भौरामल, कुई, जिंदापुर, अहिरौली, सुग्माटारी एहतमाली, डोमनी, पिपरी एहतमाली, मटियारी, आभूराम, चेरिया, चेतउवा उर्फ चनऊ, मीरपुर तप्पा गौरा, लालपुर टीकर एहतमाली, पिपरी मुश्तकिल, जंगल महताब राय, एकमा।