रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास योजना की डिजाइन में बदलाव की तैयारी
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास योजना की डिजाइन में बदलाव की तैयारी रेल प्रशासन ने की है। संशोधित डिजाइन के मुताबिक यात्री सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच जाएंगे। अभी तक के प्रस्ताव के मुताबिक, पहले रूफ टॉप पर चढ़ने के बाद प्लेटफाॅर्म पर जाने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि अभी इसपर अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
पुनर्विकास के वर्तमान मॉडल के हिसाब से गोरखपुर जंक्शन के अंदर प्रवेश करने के लिए पहले लिफ्ट, स्वचलित सीढ़ियों या फिर सामान्य सीढ़ी से ऊपर चढ़ना होगा फिर वहां से अपने प्लेटफार्म पर जाने की व्यवस्था है। इस योजना पर 498 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गोरखपुर जंक्शन स्टेशन का पुनर्विकास आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। वर्तमान में करीब 90 हजार यात्री रोजाना इस स्टेशन से आते-जाते हैं जिसके अगले 50 साल बाद बढ़कर ढाई लाख हो जाने की संभावना है। इस काम को 2027 में पूरा करने का टार्गेट है। प्रस्ताव के अनुसार निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। पश्चिम छोर पर एक मंजिल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है और पूर्वी छोर पर निर्माण कार्य के लिए बेरिकेडिंग शुरू करा दी गई है। इसके साथ ही 10 मीटर ओवरब्रिज निर्माण के लिए फाउंडेशन भी बना दिया गया है।