होली के बाद काम पर लोट रहे लोग, रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही है भीड़
जनरल कोच में सीट के लिए हो रही मारामारी
गोरखपुर। होली मनाने के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। रुटीन ट्रेनों से वेटिंग टिकट या जनरल में सफर करने वाले यात्रियों को सीट नहीं मिल रही है, इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली चल रही हैं। हालांकि पिछले दो दिनों की तुलना में मंगलवार को स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम रही।
मंगलवार की दोपहर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर यात्रियों की भीड़ जमा थी। यह भीड़ गोरखधाम से यात्रा करने वाले यात्रियों की थी। जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए जिम्मेदार प्लेटफार्म पर जूझते हुए दिखाई दिए। आरपीएफ के जवानों यात्रियों की लाइन लगवाते हुए नजर आए। स्टेशन पर रविवार की तरह अफरातफरी का माहौल देखने को नहीं मिला। करीब 3:15 बजे गोरखधाम के प्लेटफार्म पर आने के साथ ही आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को ट्रेन की कोच में चढ़वाया। हालांकि जनरल कोच में सीट की तुलना में लगभग दोगुने यात्री नजर आए। ऐसे में कोच के भीतर के यात्रियों को बैठने में दिक्कत हो रही थी। बिहार से आने वाली ट्रेनें पूरी तरह से फुल होकर आईं, बावजूद इसके बड़ी संख्या में यात्री इन ट्रेनों में चढ़ने के लिए जूझते नजर आए।
दिल्ली जाने वाले सुनील ने बताया कि वेटिंग टिकट लिया था, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो सका, ऐसे में जनरल में जाना पड़ रहा है। इसी तरह राकेश और विवेक के भी स्लीपर के टिकट कन्फर्म नहीं हो सके थे, जिसके बाद वह जनरल कोच में चढ़ने के लिए लाइन में लगे थे।
..........................
होली स्पेशल ट्रेनों में है पर्याप्त बर्थ
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। होली के बाद जहां रुटीन ट्रेनें फुल हैं, वहीं होली स्पेशल ट्रेनों में पर्याप्त बर्थ हैं। इन स्पेशल ट्रेनों से सीट आरक्षित कराकर यात्री सहूलियत के साथ अपनी यात्रा पूरा कर सकते हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर से 26 मार्च को प्रस्थान करने वाली 05005 गोरखपुर-अमृतसर विशेष गाड़ी के वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 80 बर्थ उपलब्ध है। गोरखपुर से 23 मार्च को प्रस्थान करने वाली 05023 गोरखपुर-खातीपुरा विशेष गाड़ी के वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में आठ, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 47 एवं वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 398 बर्थ उपलब्ध है। गोरखपुर से 30 मार्च को प्रस्थान करने वाली 05023 गोरखपुर-खातीपुरा विशेष गाड़ी के वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में 17, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 56 एवं वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 513 बर्थ उपलब्ध है। गोरखपुर से 20 मार्च को प्रस्थान करने वाली 05057 गोरखपुर-आनन्द विहार टर्मिनल विशेष गाड़ी के वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 415 बर्थ उपलब्ध है। गोरखपुर से 27 मार्च को प्रस्थान करने वाली 05057 गोरखपुर-आनन्द विहार टर्मिनल विशेष गाड़ी के वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 415 एवं शयनयान श्रेणी में 143 बर्थ उपलब्ध है। गोरखपुर से 29 मार्च प्रस्थान करने वाली 05007 गोरखपुर-अमृतसर विशेष गाड़ी के वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 133 एवं शयनयान श्रेणी में 205 बर्थ उपलब्ध है। गोरखपुर से 30 मार्च को प्रस्थान करने वाली 05303 गोरखपुर-महबूबनगर विशेष गाड़ी के वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 26 एवं वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 491 बर्थ उपलब्ध है।