भीषण गर्मी में ट्रेनों का इंतजार करना यात्रियों को पड़ रहा भारी, तीन दिन पूर्व ट्रैफिक ब्लॉक का असर अभी भी
दो घंटे देर से आई गोरखधाम, राप्तीसागर चार घंटे देरी से हुई रवाना
गोरखपुर। तीन दिन पूर्व गोरखपुर-लखनऊ रूट पर बभनान स्टेशन के पास दिए ट्रैफिक ब्लॉक का असर बृहस्पतिवार को भी दिखा। स्पेशल ट्रेनों की चाल पैसेंजर जैसी हो गई है। आनंद विहार-सहरसा स्पेशल 22 घंटे और कटिहार समर स्पेशल 6.59 घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। इन ट्रेनों के इंतजार यात्री स्टेशन पर भीषण गर्मी में परेशान हो गए। बार-बार पूछताछ केंद्र पर ट्रेन की जानकारी लेते रहे।
वहीं, भठिंडा से आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस 2.15 घंटे की देरी से आई। ट्रेन उन्नाव से मनकापुर के बीच दो घंटे अलग-अलग जगह खड़ी रही। वहीं, बृहस्पतिवार को गोरखपुर से चलने वाली गोरखपुर-छपरा पैसेंजर देर से आई और इसके चलते यह ट्रेन गोरखपुर से 4.08 घंटे की देरी और इसी तरह राप्तीसागर एक्सप्रेस 4.05 घंटे की देरी से रवाना हुई। इसके अलावा बढ़नी-गोरखपुर पैसेंजर को नकहा जंगल और गोरखपुर के बीच दो घंटे खड़ा रखा गया। यह ट्रेन गोरखपुर 4.25 घंटे देरी से पहुंची। उधर, पूर्वांचल एक्सप्रेस 1.05 घंटे की देरी से पहुंची। सहरसा स्पेशल को आनंद विहार से 12 घंटे देरी से चलाया गया, यह गोरखपुर 22 घंटे की देरी से पहुंची। इसी तरह नई दिल्ली क्लोन बरहनी-मुजफ्फरनगर के बीच 1.11 घंटे खड़ी रही। समर स्पेशल कटिहार से गोरखपुर 6.59 घंटे देरी से पहुंची। डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को मुरादाबाद में 1.50 घंटे रोका गया। इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक एसके शर्मा ने बताया कि दो ट्रेनें देरी से आई थी इस कारण देरी से रवाना हुई।