चिलुआताल पुलिस ने पिछले साल हुई एसएसबी भर्ती में साॅल्वर बैठाकर परीक्षा पास करने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कबीरधाम थाना क्षेत्र के घोटिया गांव निवासी ऋषभ सिंह के रूप में हुई। आरोपी को दिल्ली एसएसबी मुख्यालय से नियुक्ति पत्र मिला था। उसने एसएसबी कार्यालय गोरखपुर में जॉइन करने के लिए दस्तावेज लगाए थे। वहां फोटो और अंगूठा मिलान में उसकी पोल खुल गई।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल इलाके के फर्टिलाइजर परिसर स्थित एसएसबी कैंप कार्यालय के दंडपाल जय प्रकाश आर्या ने पुलिस को तहरीर देकर मंगलवार को केस दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि पिछले साल एसएसबी भर्ती परीक्षा हुई थी। इसे पास करने के बाद मुख्यालय दिल्ली से सामान्य वर्ग में आरक्षी पद पर ऋषभ सिंह का बलरामपुर की नौंवी वाहिनी के लिए नियुक्ति पत्र जारी किया गया था।
ऋषभ ने 21 जनवरी 2025 को एसएसबी कार्यालय गोरखपुर में रिपोर्ट की थी। इस दौरान उससे प्राप्त दस्तावेजों व फोटो का मिलान कर्मचारी चयन आयोग से मिले दस्तावेज से नहीं हुआ। शंका के आधार पर कर्मचारी चयन आयोग के सर्वर पर अभ्यर्थी के फोटो और बाएं हाथ के अंगूठे का मिलान कराया गया, यहां भी डाटाबेस मैच नहीं हुआ। इसके बाद गलत पहचान और दस्तावेजों के साथ जॉइन करने के प्रयास में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई।
चिलुआताल थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को मंगलवार की देर रात फर्टिलाइजर परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि परीक्षा में छत्तीसगढ़ के ही एक युवक को सॉल्वर बैठाया था। दस्तावेज में उसका फोटो लगा था। फिंगर प्रिंट भी उसी का लिया गया था। परीक्षा देने वाले आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर उसे जेल भिजवा दिया गया।
वर्जनएसएसबी से शिकायत मिली थी। केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भिजवा दिया गया है। दूसरे आरोपी के बारे में पता कर जल्द उसे दबोच लिया जाएगा।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी