जनता दर्शन में सीएम योगी से मिलकर पंखुड़ी ने जताई थी फीस भरने में असमर्थता
पूरे परिवार ने जताया सीएम योगी के प्रति आभार
गोरखपुर। पुर्दिलपुर निवासी पंखुड़ी त्रिपाठी का सोमवार को स्कूल में दाखिला हो गया। आर्थिक दिक्कतों के चलते फीस जमा न होने से उसका नाम कट गया था। पढ़ाई रुकने पर जनता दर्शन में पंखुड़ी ने सीएम योगी से फीस माफी के लिए गुहार लगाई थी। सीएम योगी के निर्देश पर प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर पंखुड़ी का दाखिला कराकर फीस माफ करा दिया। पढ़ाई शुरू होने पर पंखुड़ी और उसके माता-पिता ने सीएम योगी के प्रति आभार जताया है।
एक जुलाई को गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पंखुड़ी त्रिपाठी परिवार के साथ पहुंची। सीएम से मुलाकात कर बताया कि वह पक्कीबाग स्थित एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। पिता राजीव त्रिपाठी को चोट लगने के बाद परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर हो गया है। मां मीनाक्षी एक दुकान पर नौकरी कर रही हैं। इसके अलावा कक्षा 12 में पढ़ने वाला भाई भी है।
उसने सीएम को बताया था कि फीस न जमा कर पाने के कारण पढ़ाई बाधित हो गई है। इस पर सीएम योगी ने भरोसा दिया था कि उसकी पढ़ाई नहीं रुकने पाएगी। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया था कि बच्ची का दाखिला कराकर उसकी फीस माफ कराई जाए। दाखिले के बाद पंखुड़ी ने सीएम का आभार जताया। कहा कि सीएम के कारण ही उसकी पढ़ाई संभव हो सकी है।