उचक्कों ने खुद को जेवर सफाई का कारीगर बताया, पानी मांगा और महिला के जाते ही भाग निकले
बांसगांव थाना क्षेत्र के मरवटिया की घटना, उचक्कों की तलाश में सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बांसगांव। नगर पंचायत वार्ड नंबर तीन मरवटिया में सोमवार की सुबह जेवर साफ करने के बहाने बाइक सवार दो उचक्के दो महिलाओं की सोने की चेन लेकर भाग गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से उच्चकों की तलाश शुरू कर दी है।
मरवटिया निवासी अशोक सिंह की पत्नी प्रेमलता सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह सुशीला सिंह के साथ घर के बरामदे में बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी बीच बाइक सवार दो उचक्के आए और खुद को जेवर सफाई का कारीगर बताया। दोनों की बातों पर भरोसा कर उन्होंने सोने की चेन दे दी। चेन साफ करने के दौरान उचक्कों ने पानी लाने को कहा। आरोप है कि जैसे ही प्रेमलता पानी लाने घर में गईं, बाइक सवार उचक्के चेन लेकर भाग निकले। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को घटना की लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दोनों महिलाओं के चेन की कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। कस्बे में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
एसपी साउथ जितेंद्र कुमार ने कहा मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
गले से चेन उतार भाग निकले थे जालसाज
18 अगस्त को पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह में बर्तन साफ करने पहुंचे दो जालसाजों ने इशरावती देवी के गले से जबरन चेन उतार लिया और भाग निकले थे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जालसाज सफेद शर्ट, पैंट, कोट और टाई लगाए दो युवक उनके पास पहुंचे। बोले, माता जी हम एक कंपनी की तरफ से आए हैं, बर्तन और जेवरात साफ करते हैं। कुछ साफ कराना हो तो दें वह कर देंगे। इस पर इशरावती देवी ने दोनों को मना कर दिया। इसके बाद दोनों ने जबरन गले से सोने की चेन को निकाला और साफ करते हुए बात करने लगे। इसी दौरान एक युवक चेन लेकर बाहर जाने लगा। उसे जाता देख उन्होंने शोर मचाया तो दूसरा भी वहां से भाग गया।
बर्तन साफ करने के बहाने चेन लेकर भाग निकले
जुलाई 2024 में सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मलांव गांव में तांबे-पीतल के बर्तनों को चमका कर साफ करने के बहाने उचक्के महिला के सोने के गहने को लेकर भाग गए थे। घटना की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जालसाजों ने मलाव गांव में माया ओझा के पीतल के पुराने लोटे को अपने साथ लेकर आए पाउडर से चमकदार बना दिया। महिला को झांसे में लेकर युवकों ने उसके हाथ में पहने चार सोने के कंगन और गले में पहनी हुई सोने की चेन चमकाने के लिए मांगी। महिला ने जैसे ही गहने उतार कर दिए, दोनों युवक उसे लेकर भाग गए थे।
उचक्कों से रहें सावधान, ऐसे बरतें सावधानी
- किसी भी अजनबी को गहने साफ करने के लिए घर या दुकान पर न बुलाएं।
- गहनों की सफाई या मरम्मत के लिए केवल पंजीकृत व विश्वसनीय ज्वेलर्स के पास ही जाएं।
- अगर कोई व्यक्ति घर-घर जाकर सफाई की पेशकश करे तो तुरंत मना कर दें।
- कभी भी गहनों को अकेले छोड़कर सफाई के लिए न दें।
- ठग अक्सर कहते हैं कि बहुत कम दाम में गहने चमकाने का लालच देंगे। ऐसे लालच में न आएं।
- ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।