जनता दर्शन: सीएम योगी ने सुनीं 250 से अधिक लोगों की समस्याएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी की समस्याओं का समाधान होगा। किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। जनता की हर पीड़ा का निवारण सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
सीएम योगी ने बृहस्पतिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं एक महिला ने परिवारीजन के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। इस पर सीएम योगी ने कहा कि एस्टीमेट मंगा लीजिए, सरकार मदद करेगी।
जनता दर्शन में सीएम ने एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। कहा कि हर जरूरतमंद को इलाज में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में एक महिला समेत कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण कराकर शासन में उपलब्ध कराया जाए।