गोरखपुर एयरपोर्ट पर चिकित्सा केंद्र खुला, 24 घंटे तैनात रहेंगे स्वास्थ्यकर्मी
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से स्थापित हुआ प्राथमिक चिकित्सा केंद्र
गोरखपुर। गोरखपुर सिविल एयरपोर्ट पर यात्रियों को अब प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से परिसर में चिकित्सा केंद्र स्थापित किया है। केंद्र पर 24 घंटे स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे। जल्द ही इस केंद्र का उद्घाटन होगा। इससे यात्रियों को किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार हो सकेगा।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि एयरपोर्ट पर चिकित्सा केंद्र की स्थापना के लिए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए थे। उसी निर्देश के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से सम्पर्क किया गया। प्राधिकरण की मदद से एयरपोर्ट परिसर में चिकित्सा केंद्र के लिए स्थान मिला।
केंद्र पर 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे जो बीपी, शुगर, बुखार आदि की जांच और सामान्य तकलीफ की दवा उपलब्ध कराएंगे। स्वास्थ्य सेवाएं देने के साथ-साथ आईईसी के जरिये विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रचार किया जाएगा। नोडल अधिकारी डॉ. एनके द्विवेदी की निगरानी में केंद्र का संचालन किया जाएगा।
00
जल्द ही होगा स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन
सीएमओ डॉ. झा ने बताया कि काम पूरा हो चुका है, शीघ्र ही चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। आवश्यकतानुसार इस केंद्र को और भी सुदृढ़ किया जाएगा। इस नए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में शहर के सभी प्रमुख सरकारी अस्पतालों और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी उपलब्ध रहेगी। समय-समय पर जिला स्तरीय अधिकारी भी इस केंद्र का दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं और दी जा रही सेवाओं का पर्यवेक्षण करेंगे।