खोराबार इलाके में मंगलवार को बच्ची की टब में डूबकर हो गई थी मौत
शराबी पति से झगड़े के बाद अपनी मां के पास आ गई थीं किरन
खोराबार। टब में डूबकर मासूम बेटी की मौत से किरन को सदमा लग गया है। बार-बार अपनी लापरवाही पर खुद को कोस रही हैं। मंगलवार पूरी रात बेटी को यादकर जागकर बिताया। किरन की मां दुक्खी देवी ने बताया कि जब भी बेटी के सामने जा रही हूं, वो रोने चिल्लाने लगने लग रही है। दिनभर लोग मिलने आए, किसी से भी वह नहीं मिल रही है। कमरा बंद करके रो रही है।
दरअसल, पति संदीप से झगड़े के बाद किरन डेढ़ साल की बच्ची शिवानी के साथ जंगल सीकरी में किराये के घर में रह रही मां के पास आ गई थीं। मंगलवार को सुबह 10:30 बजे किरन कपड़े धुल रही थीं। इस दौरान शिवानी को वहीं पर खेलने के लिए छोड़ दिया था। किरन की मां यानी बच्ची की नानी बगल के घर में बर्तन धोने गई थीं। इस दौरान शिवानी भीगे कपड़े लेकर छत पर डालने गई। इसी दौरान बच्ची खेलते-खेलते पानी से भरे टब में पलट गई और डूबकर उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद झंगहा चली गईं मां-बेटी
बच्ची की मौत के बाद बुधवार को किराये का घर खाली कर किरन अपनी मां के साथ झंगहा के अमहिया के हजारी चौराहे पर स्थित मायके चली गईं। किरन की मां दुक्खी ने कहा कि बार-बार लोग बेटी की मौत के बारे में पूछने आ रहे थे, इसलिए हमलोग गांव चले आए। बताया कि बेटी का पति संदीप किराये पर गाड़ी चलाता है। वह शराब पीकर बेटी को पीटता है। शनिवार को भी बेटी को पीटा था, इसलिए किरन शिवानी को लेकर मेरे पास आ गई। जबकि अपने तीन साल के बेटे को पति के पास ही छोड़ दिया। उसकी सास मर चुकी हैं, घर पर ससुर रहते हैं।
दोनों ने किया था लव मैरिज
दुक्खी देवी ने बताया कि बेटी जंगल सिकरी के दयानंद में पढ़ती थी। इस दौरान वहां पढ़ने वाले संदीप से दोस्ती हुई। चार साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी। बाद में घरवालाें ने भी उन्हें स्वीकार कर लिया। इसके बाद संदीप की शराब पीने की लत की वजह से आए दिन झगड़ा होने लगा।