पिपराइच। थाना क्षेत्र के कस्बे में बृहस्पतिवार को एक दुकान पर जिंदल कंपनी का डुप्लीकेट स्टील पकड़ा गया। गोपनीय सूचना के बाद जिंदल कंपनी के अफसर पहुंचे थे। पुलिस ने कंपनी की ओर से आई तहरीर पर दुकानदार महेंद्र गुप्ता पर केस दर्ज कर लिया है। विगत दिनों चिलुआताल इलाके में एक दुकान पर जिंदल कंपनी का डुप्लीकेट पाइप पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था।
जिंदल स्टील कंपनी के एजीएम शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से पिपराइच कस्बे स्थित बजरंगी स्टील शॉप में कंपनी के डुप्लीकेट माल बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। शिकायत उन्होंने एसपी उत्तरी से की थी। एसपी उत्तरी के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ मिलकर दुकान पर छापा मारा। जांच पड़ताल के दौरान दुकान के प्रोपराइटर महेंद्र गुप्ता की ओर से कंपनी का डुप्लीकेट सामान बेचा जा रहा है। टीम को वहां से 254 किलो वजन का पौन इंच का 106 स्टील पाइप, 810 किलो का 120 गोल स्टील पाइप बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में कंपनी के एजीएम की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।