पिपराइच इलाके का मामला, 27 दिनों से लापता है मुनीम
पिपराइच। क्षेत्र में ईंट भट्ठे से 27 दिन पहले लापता हुए मुनीम सुभाष यादव का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। इससे नाराज परिजन व ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन व नारेबाजी करने के बाद पिपराइच-गोरखपुर मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर वह रास्ते से हटे, लेकिन रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए। भट्ठा मालिक को घटना का जिम्मेदार बताते हुए उसे गिरफ्तार करने की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम लहुरा देऊर निवासी सुभाष यादव (54 वर्ष) जंगल औराही स्थित एक ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करते थे। परिवार वालों के मुताबिक, वह 10 जून की सुबह काम पर निकले, लेकिन नहीं लौटे। पत्नी मलावती देवी की तहरीर पर 11 जून को गुमशुदगी दर्ज की गई, लेकिन अब तक पुलिस खाली हाथ है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने भट्ठा मालिक से पूछताछ नहीं की। भाई फूल चंद, शेषनाथ, विजय, बुद्धू, मोहित ने भट्ठा मालिक अनिरुद्ध बाधवानी पर गायब करने का संदेह जताया और उससे पूछताछ की मांग की। शनिवार की दोपहर में दो बजे परिवार ने नगर पंचायत कार्यालय से थाने तक विरोध मार्च निकाला और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे बाद गोरखपुर-पिपराइच मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर जाम खुला, लेकिन प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए। सभी लोग रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करते रहे। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर देर शाम घर लौटे।