सहजनवां। थाना क्षेत्र के ग्राम जोन्हिया में बृहस्पतिवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान मारपीट मामले में नौ के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने रविवार को एक पक्ष की तहरीर पर तेतरिया निवासी रामसहारे, रंजीत साहनी, कुलदीप साहनी, श्रवण, रोहन, गौतम, विशाल तथा सीहापार निवासी रामप्रवेश और जगत के खिलाफ केस दर्ज किया।
ग्राम सीहापार प्रधान टोला निवासी सरस्वती देवी ने बताया कि वह अपने बेटे अमित कुमार यादव के साथ इलाज के लिए बाइक से भीटी रावत जा रही थीं। इसी रास्ते से ग्राम तेतरिया के लोग मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे थे। जोन्हिया रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचते ही विसर्जन में शामिल लगभग 12 युवकों ने बाइक का रास्ता रोक लिया और रॉड से हमला कर दिया। युवकों ने उनके बेटे को बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। हमलावरों ने बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। गंभीर स्थिति में अमित कुमार यादव को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। तहरीर के आधार पर सहजनवां पुलिस ने तेतरिया निवासी रामसहारे, रंजीत साहनी, कुलदीप साहनी, श्रवण, रोहन, गौतम, विशाल तथा सीहापार निवासी रामप्रवेश और जगत के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष महेश चौबे ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।