मासूम के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
गोला। नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो रानीपुर में नहर पुलिया के पास शनिवार को सुबह झाड़ी में नवजात बच्ची मिली। रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। मौके पर पहुंची पुलिस बच्ची के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद एक महिला को देख-रेख करने के लिए सौंपा है। पुलिस बच्ची को चाइल्ड लाइन केयर गोरखपुर को देने के लिए विधिक कार्रवाई कर रही है।
शनिवार सुबह कुछ लोग नहर की पटरी से गुजर रहे थे कि बिजली के खंभे के पास एक झाड़ी से नवजात बच्चे के रोने की आवाज सुनीं तो वहां रुक गए। जहां उन्होंने देखा कि एक नवजात बच्ची लाल कपड़े में लिपटी हुई है। इसके बाद उन्होंने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल गोला राहुल शुक्ला कस्बा इंचार्ज के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बच्ची का पास में स्थित एक नर्सिंग होम स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके बाद बगल में एक महिला को सौंप दिया। थानाध्यक्ष राहुल शुक्ल का कहना है कि बच्ची बच्ची स्वस्थ्य और सुंदर है। रविवार को विधिक कार्रवाई के बाद बच्ची को संस्था चाइल्ड लाइन को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच भी की जाएगी। साथ ही पुलिस की टीम बच्चे को छोड़ने वालों की तलाश में पुलिस जुटी है।