चोरी में महिला की बेटी भी शामिल, मां के पकड़े जाते ही भागी, तलाश में जुटी पुलिस
गुलरिहा। गुलरिहा थाना क्षेत्र में पड़ोसी के घर से गहने चोरी कराने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर महिला शीला देवी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। जबकि पड़ोसी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश कर बाल सुधार गृह भिजवाया गया है। आरोप है कि महिला ने 16 वर्षीय किशोर को बहला-फुसलाकर घर से गहने चोरी कराए और उन्हें अपने पास रख लिया। पुलिस ने महिला के घर से चोरी गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
सेमरा नंबर दो निवासी अवधेश ने पुलिस को बताया कि उनके घर से गहने अचानक गायब हो गए। जब उन्होंने 16 वर्षीय बेटे से पूछताछ की तो उसने बताया कि पड़ोसी शीला देवी ने उसे बहकाकर चोरी कराई और गहने अपने पास रख लिए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने शीला देवी से पूछताछ की। पहले तो उसने आरोपों से इन्कार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक जोड़ी चांदी की पाजेब और दो कड़ा बरामद किए। जांच में सामने आया कि चोरी की साजिश में शीला की बेटी सलोनी भी शामिल थी। गुलरिहा पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर रविवार शाम शीला देवी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने उसे जेल भिजवा दिया। जबकि नाबालिग को पकड़कर बाल सुधार गृह भिजवाया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने बताया कि बरामद गहनों को कोर्ट के आदेश पर पीड़ित परिवार को सौंपा जाएगा।