रामपुर नया गांव निवासी आम आदमी पार्टी के नेता कुंज बिहारी निषाद (35) की हत्या के मुख्य आरोपी अभिषेक पांडेय और उसके पिता हिमालय पांडेय ने शुक्रवार को सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की तीन टीमों को चकमा देकर अधिवक्ता की वेशभूषा में आरोपी कोर्ट में हाजिर हो गए। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में दोनों को जेल भेज दिया।
गोरखनाथ क्षेत्र के नया गांव बनकटवा के रहने वाले आप नेता कुंज बिहारी निषाद बिल्डिंग मटीरियल और शटरिंग का कारोबार करते थे। परिजनों के मुताबिक 23 अगस्त को उन्होंने अपने साले मल्लू निषाद को बकाया वसूली के लिए भेजा था। रुपये नहीं मिलने पर अगले दिन कुंज बिहारी फिर पहुंचे थे।
आरोप है कि अभिषेक और उसके पिता हिमालय ने साथियों के साथ मिलकर लाठी, रॉड और पटरे से हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल कुंज बिहारी की 26 अगस्त को इलाज के दौरान राजेंद्रनगर के निजी हॉस्पिटल में मौत हाे गई थी।
आप नेता की अस्पताल में मौत के बाद उपद्रवियों ने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया था। इसमें गोरखनाथ थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आईं थीं।
पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र की तलाश में शहर के अलावा संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र के मनोरथपुर स्थित उसके पैतृक गांव में भी दबिश दी थी। हालांकि, आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही घर में ताला बंद कर भाग गए थे। अभिषेक और उसके पिता हिमालय ने शुक्रवार की दोपहर में सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
एक आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल
कुंज बिहारी की मौत के बाद गोरखनाथ पुलिस मुख्य आरोपी के सहजनवां निवासी रिश्तेदार अर्जुन पांडेय को गिरफ्तार कर जेल चुकी है। इसके अलावा अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट में सरेंडर करने वाले पिता-पुत्र को रिमांड पर लेकर अन्य आरोपियों के बारे में पता लगा कर उनकी भी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
कुंजबिहारी ने ही दर्ज कराया था केस
मारपीट की घटना के बाद घायल कुंज बिहारी निषाद ने 24 अगस्त को गोरखनाथ थाने में केस दर्ज कराया था। इसमें अभिषेक पांडेय, उसके पिता हिमालय पांडेय समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। कुंज बिहारी की मौत के बाद पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा को हत्या में तरमीम कर दिया था। इसके साथ ही हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई थी।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रहीं थीं। दबाव में दोनों मुख्य आरोपियों ने सरेंडर कर दिया है। इस केस की विवेचना चल रही है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी: अनुराग त्यागी, एसपी सिटी