सरदार नगर। चौरीचौरा थानाक्षेत्र के तिलौली निवासी संदीप यादव (30) का शव आईटीबीपी के डीआईजी अंगद प्रसाद यादव की पहल पर दुबई से भेजा जा रहा है। इसकी सारी औपचारिकता पूरी कर ली गई हैं। वहीं अभी तक मृतक की पत्नी को मौत की जानकारी नहीं दी गई है। जबकि, बच्चे पूछ रहे हैं कि पापा कब आएंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार की देर शाम तक संदीप यादव का शव उसके घर पहुंच सकता है। तिलौली निवासी डीआईजी ने मृतक के परिवार के लिए सराहनीय कदम उठाया। संदीप के परिवार में उसकी पत्नी व दो छोटी बच्ची और एक बच्चा है, इसके अलावा कोई नहीं है। आर्थिक रूप से कमजोर संदीप के पटीदारों ने शव को घर मंगाने के लिए प्रयास शुरू किए। संदीप के माता-पिता की मौत लगभग 14 वर्ष पूर्व हो चुकी है।
उसकी शादी दस वर्ष पूर्व हुई थी, वह ऑटो चलाकर जीवन यापन करने लगा। छह वर्ष बाद परिवार के सपनों को पूरा करने के लिए वह दुबई गया। जहां 16 दिन बाद उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। 25 सितंबर को उनके चचेरे भाई राजेश यादव के पास कंपनी की ओर से फोन कर मौत की सूचना दी गई। संदीप की पत्नी को बताया गया कि वह बीमार हैं, घर वापस आ रहे हैं। पत्नी बेसब्री से पति के आने का इंतजार कर रही है।