जंगल कौड़िया स्थित अगम्य हॉस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई, नहीं मिलीं मूलभूत सुविधाएं
पीपीगंज में महिला के पति सुमंत गिरि ने दी तहरीर, पुलिस ने दिया केस दर्ज करने का आश्वासन
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। प्रसव पीड़ा होने पर जंगल कौड़िया स्थित अगम्य हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार को भर्ती हुई महिला की बच्ची को जन्म देने के बाद मौत हो गई। आरोप है कि आयुर्वेद के चिकित्सक ने ऑपरेशन कर दिया। प्रसूता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने अपने निजी वाहन से उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। शिकायत मिलने पर हॉस्पिटल को सील कर दिया गया।
सहजनवां थाना क्षेत्र के चड़रांव के रहने वाले सुमंत गिरि की पत्नी रेशमा गर्भवती थीं। बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को लेकर जंगल कौड़िया स्थित अगम्य हॉस्पिटल पहुंचे। पति का आरोप है कि जांच के बाद चिकित्सक ने बिना सूचना दिए दो बजे ऑपरेशन कर दिया, जिससे एक बच्ची हुई। पूछताछ में चिकित्सक ने बताया कि मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। इसके बाद वे बाहर बैठकर रिश्तेदारों को बातचीत कर रहे थे।
आरोप है कि इसी बीच रात 11 बजे महिला की मौत हो गई। चिकित्सक बिना बताए पत्नी को निजी वाहन से शहर के एक अस्पताल में ले जाकर भर्ती कर भाग गया। वहां डॉक्टर ने बताया कि रेशमा की मौत हो चुकी है। इसके बाद वह शव लेकर अगम्य हॉस्पिटल पहुंचे और चिकित्सक को बातचीत करने के लिए बाहर बुलाया, लेकिन कोई नहीं आया।
इधर, हंगामा की सूचना पर पहुंची पीपीगंज पुलिस ने परिजन को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को कहा तो तहरीर देकर चिकित्सक की गिरफ्तारी की मांग की गई। पुलिस ने पति से कहा कि जब तक पोस्टमार्टम नहीं होगा तब तक पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकती है। इसके बाद परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पति ने पीपीगंज थाने में तहरीर दी है।
.......................
पूर्व के आरोपों व शिकायत पर किया सील
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. मीनू सोनी ने बताया कि अगम्य हाॅस्पिटल को सील किया गया है। यहां पर ऑपरेशन थिएटर और भर्ती वार्ड बेसमेंट में संचालित होता है, जो नियम के विपरीत है। ऑपरेशन के समय किसी बाहरी सर्जन को नहीं बुलाया गया था। इसके अलावा अस्पताल में वेंटिलेटर और आईसीयू की सुविधा भी नहीं है। पहले भी इसकी शिकायतें मिलती रही हैं। आगे की कार्रवाई के लिए जांच की जा रही है।
कोट-
हॉस्पिटल में हंगामे की सूचना पर पुलिस गई थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी
सहजनवां चड़राव निवासी पति सुमंत गिरि व परिवार वालों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को हंगामा किया। इधर, शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डाॅ. मीनू सोनी ने अगम्य हॉस्पिटल को सील कर दिया। वहां जांच में मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली हैं।
मौके पर पहुंची पीपीगंज पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।