भटिंडा से आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस पांच घंटे की देर से आई, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
राप्तीसागर चार, नई दिल्ली क्लोन साढ़े चार, गरीब रथ आठ, मथुरा-छपरा छह, चंपारण सत्याग्रह पांच घंटे देरी से पहुंची
गोरखपुर। आंधी-बारिश के कारण दिल्ली, लखनऊ व अन्य जगहों से आने वाली 10 से अधिक ट्रेनें एक से आठ घंटे देरी गोरखपुर जंक्शन पहुंची। भटिंडा से गोरखपुर आने वाली गोरखधाम ट्रेन पांच घंटे देरी से गोरखपुर जंक्शन पहुंची। ट्रेनों की देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार रात उत्तर भारत में कई जगह आंधी के बाद बारिश हुई। इसके कारण ट्रेन का देर होना शुरू हुआ। इसका असर बृहस्पतिवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर दिखा। गोरखपुर जंक्शन आने वाली अधिकांश ट्रेन एक-एक कर देरी से आना शुरू हुईं। सुबह 9:55 बजे गोरखपुर जंक्शन पहुंचने वाली गोरखनाथ एक्सप्रेस सात घंटे देरी से शाम 5:08 घंटे देर से पहुंची।
इसके अलावा राप्तीसागर चार घंटे, नई दिल्ली क्लोन साढ़े चार घंटे, गरीब रथ आठ, मथुरा-छपरा छह, चंपारण सत्याग्रह पांच घंटे, जननायक दो घंटे, गोरखपुर गोंडा पैसेंजर 20 मिनट, सप्तक्रांति 21 मिनट, गोरखपुर राप्तीसागर 3:27 घंटे, हमसफर 55 मिनट, अवध एक्सप्रेस और डिबरूगढ़ 3.18 घंटे, मुजफ्फरपुर गरीब रथ नौ घंटे देर से पहुंची। देर रात तक ट्रेन का देरी से आना जारी रहा। उधर, ट्रेन के इंतजार में गोरखपुर जंक्शन में भीड़ बढ़ती गई। अधिकांश प्लेटफाॅर्म यात्रियों से भर गए। लोग घंटों से ट्रेन का इंतजार करते दिखे।
एस्केलेटर हुआ बंद, यात्रियों को उठानी परेशानी
बिजली न होने के चलते गोरखपुर जंक्शन का एक्सलेटर बंद हो गया। लाइट आने के बाद भी एक्सलेटर नहीं चला। सूचना पर पहुंचे तकनीकी स्टाफ ने इसे चालू कराया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग यात्रियों को सीढि़यां चढ़ने से काफी दिक्कत हुई।