शुक्रवार को भी पूरे दिन उमस भरी गर्मी से परेशान रहे लोग
मौसम विभाग का दावा, पूरे प्रदेश में बन गया है मानसूनी बारिश का माहौल
गोरखपुर। पूर्वी यूपी में मानसून की सक्रियता के बावजूद पहले दो दिन बारिश की उम्मीद में ही गुजर गए। शुक्रवार को दिन भर उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। शाम को शहर समेत कुछ इलाके में हल्की बारिश ने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत दी। अब सारी उम्मीद रविवार को होने वाली बारिश पर है।
मौसम विभाग ने इस बार 14 जून से ही पूर्वी यूपी में बारिश की उम्मीद जताई थी। उस दौरान अलग-अलग इलाकों में हल्की बरसात हुई। 18 जून को मानसून के यूपी में आने के बाद 19 से 22 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया। आपदा विभाग की तरफ से मैसेज भेजकर लोगों को सतर्क किया गया। लेकिन, 18 से 20 जून की शाम पांच बजे तक गोरखपुर में केवल तीन एमएम बारिश हुई। शुक्रवार को पूरे दिन उमस भरी गर्मी का असर रहा। दिन में कई बार बादलों की आवाजाही तो हुई, लेकिन बारिश नहीं हुई। शाम को शहर के कुछ हिस्सों में तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। हालांकि, गर्मी से बेहाल लोगों को इतने भर से राहत मिल गई। अब मौसम विभाग ने 22 जून को भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विज्ञानी अतुल सिंह ने बताया कि अनुकूल परिस्थितियां बनने से मानसून लखनऊ तक पहुंच गया है। अगले दो दिन में यह पूरे प्रदेश में फैल जाएगा। इस दौरान अच्छी बारिश के लिए परिस्थितियां बनी हुई हैं।