गगहा के जगदीशपुर भलुआन गांव में मोबाइल टावर ठीक करते समय हुई दुर्घटना
बेलीपार थाना क्षेत्र के चारपान गांव का निवासी बताया जा रहा है टेक्नीशियन
गगहा/बेलीपार। गगहा क्षेत्र के जगदीशपुर भलुआन में एक टेक्नीशियन की बुधवार सुबह करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मोबाइल टावर मशीन में आई खराबी ठीक करने गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बेलीपार थाना क्षेत्र के चारपान निवासी सुशील पांडेय (38) पुत्र अभयनंदन पांडेय बुधवार की सुबह जगदीशपुर भलुवान स्थित एक निजी मोबाइल टावर की खराब मशीन को ठीक करने गया था। मशीन को चालू करने के दौरान सुशील ने हाथ से डीसी करंट के नंगे तार को पकड़ लिया। करंट की चपेट में आने से सुशील की मौके पर ही मौत हो गई। बायां हाथ बुरी तरह झुलस गया था। शुरुआत में मौके पर पहुंचे आसपास के लोग समझ ही नहीं पाए कि घटना कैसे हुई। शव को निकालते समय हाथ में तार का हिस्सा देखकर लोगों ने करंट से मौत की आशंका जताई। रिटायर्ड रोडवेज कर्मी अभयनंदन पांडेय के दो पुत्रों में सुशील बड़ा था। वह टावर टेक्नीशियन का कार्य करता था। सुशील अपने पीछे एक बेटा (10) और बेटी (8) छोड़ गया है। पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसओ सुशील कुमार ने बताया की प्रथम दृष्टया मशीन चालू करते समय डीसी करंट की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारण का पता चल पाएगा।