गोरखपुर। महानगर में बनी हुई नगर निगम की दुकानों की बेतहासा किराया वृद्धि से दुकानदार परेशान हैं। उनका कहना है कि इस बढ़ोत्तरी को वापस लिया जाए अन्यथा इससे दुकानदारों को बहुत नुकसान होगा। दुकानदार जनप्रतिनिधियों के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। इस मुद्दे को पहले एमएलसी देवेंद प्रताप सिंह ने उठाया। अब चौरी चौरा के विधायक श्रवण निषाद ने नगर आयुक्त को पत्र लिख कर बढ़े किराए में संशोधन करने की बात कही है।
नगरायुक्त को लिखे पत्र में विधायक श्रवण निषाद ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरबहादुर सिंह के कार्यकाल में शहरी गरीब और छोटे व्यापारियों के जीविकोपार्जन के लिए तीन हजार दुकानें शहर के विभिन्न मुहल्लों में बनाई गईं। निगम बोर्ड हर तीन वर्ष पर पांच प्रतिशत किराए में वृद्धि करता है। निगम बोर्ड ने पांच गुना किराया वृद्धि करके दुकानदारों के पास नोटिस भेजा है। इससे दुकानदार परेशान हैं। इसे वापस लिया जाना आवश्यक है। दुकानों का जो किराया वृद्धि किया गया है उसे संशोधित कर उन्हें अवगत कराएं।