मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, 8 से 17 अक्तूबर तक चलेगा विशेष अभियान
गोरखपुर। दिवाली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। 8 से 17 अक्तूबर तक विशेष दिवाली अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों मे दूध, मिठाई, तेल और पनीर की जांच की जाएगी। शासन के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य), एसके सिंह ने सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि खाद्य सामग्री की प्रारंभिक स्क्रीनिंग में संदेहास्पद या अमानक पाए जाने पर तत्काल उसे नष्ट कराएं। दूध, खोया, पनीर, खाद्य तेल और मिठाइयों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि इन वस्तुओं में त्योहार के दौरान मिलावट की संभावना अधिक रहती है।
इसके अतिरिक्त, सभी लिए गए नमूनों के प्रपत्र-6 पर दीपावली अभियान स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य किया गया है। विनष्टिकरण और सीज की कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई हो सके। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ तहसील और ग्रामीण बाजारों में भी विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन की काईवाई की रिपोर्ट कार्यालय को भेजें।
सहायक उपयुक्त ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, जिससे त्योहार का उल्लास स्वास्थ्य के साथ मनाया जा सके।