खाद्य सुरक्षा विभाग ने ताल बाजार और जेएसआर गार्डेन में की दुकानों की जांच, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बरामद
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार शाम को नौका विहार के पास ताल बाजार में छापा मारकर एक रेस्टोरेंट की जांच की। यहां दूध, आइसक्रीम, चीज सहित कई अन्य खाद्य पदार्थ खराब (एक्सपायर्ड) मिले। सफाई भी ठीक नहीं थी। यहां से साॅस का एक नमूना लिया गया और रेस्टोरेंट दो दिन के लिए बंद रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा जेएसआर गार्डेन में पिज्जा की एक दुकान के किचन में वेज और नॉनवेज एक ही स्टोर में रखने की वजह से नोटिस जारी किया गया। मिलावटी सामानों की बिक्री पर रोक के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग नियमित अभियान चला रहा है।
इस क्रम में बुधवार शाम को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ताल बाजार की जांच की। इस बाजार के बीच में स्थित एक रेस्टोरेंट की जांच के दौरान टीम यह देखकर चौंक गई कि किचन में दूध, आइसक्रीम, चीज आदि कई खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की थी। इसे नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा किचन व स्टोर की सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं पाई गई। जांच टीम ने मौके पर ही दुकानदार को नोटिस देते हुए दो दिन के लिए दुकान बंद करने के निर्देश दिए।
उसके बाद जेएसआर गार्डेन में एक पिज्जा की दुकान की जांच की गई। यहां नान वेज और वेज को एक ही फ्रिज में रखा गया था, जबकि दोनों को एक साथ रखने पर पाबंदी है।
इस जांच टीम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमाशंकर सिंह एवं अंकुर मिश्र शामिल थे।