गोरखपुर। रेड चिली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को सेंट एंड्रयूज कॉलेज के ग्राउंड पर खेले गए मैच में मंडल क्रिकेट एसोसिएशन ने संस्कृति क्रिकेट एकेडमी को 87 रनों से हराया।
टाॅस जीतकर एमसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 190 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें शानदार बल्लेबाजी करते हुए सहीम हसन ने 100 रन नाबाद बनाए। निखिल राव ने 28 रन और समीर अंसारी ने 27 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी संस्कृति क्रिकेट एकेडमी की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। एमसीए की ओर से शुभम चौधरी, निखिल राव, अमित शर्मा ने 2-2 विकेट चटकाए।
दूसरे मैच में टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी ने सभी विकेट खोकर 185 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें लोकेश वर्मा ने 76 और आदित्य पांडेय ने 28 रन बनाए। बीएमटी क्रिकेट एकेडमी की ओर से दिव्यांश मिश्रा ने तीन, आयुष तिवारी व शक्ति पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएमटी क्रिकेट एकेडमी की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। इसमें अंचल मोदनवाल ने 38 रन बनाए। सरमाउंट की ओर से आदित्य पांडेय ने चार विकेट हासिल किए।
पहले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ खिलाड़ी हर्ष गुप्ता ने एमसीए के समीर अंसारी और दूसरे में कोच बदरे आलम ने सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी के आदित्य पांडेय को दिया।
मंगलवार को सुबह आठ बजे से सेंट एंड्रयूज महाविद्यालय के क्रिकेट ग्राउंड पर पहला मैच संस्कृति क्रिकेट एकेडमी बनाम एलन क्रिकेट एकेडमी और दूसरा मैच 11 बजे सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी बनाम लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला जाएगा।