गोरखपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर बाजार में भी खूब रौनक रही। मिठाई, कपड़े और राखी की दुकानों पर खूब चहल-पहल दिखी। बाजार में पांच रुपये की धागे वाली राखी से लेकर 500 रुपये तक की डिजाइनदार राखियां भी बिकीं। वहीं सराफा कारोबारियों ने भी सोने व चांदी के डिजाइनदार राखियों की बिक्री की। वहां भी खरीदार पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ मिठाई व कपड़े की दुकानों पर दिखी, जिनके भाई-बहन दूर हैं, वे रविवार को ही ट्रेन या बस से उनके पास जाने के लिए निकल गए। दुकानदारों का अनुमान है कि रक्षाबंधन पर करीब सात करोड़ रुपये का कारोबार हुआ होगा।
सोमवार को रक्षाबंधन है। इसके लिए बाजार तो पहले से ही तैयार था। रविवार दोपहर बाद बाजार में राखी, कपड़े और मिठाई खरीदने के लिए दुकानों पर भीड़ जुटने लगी। राखी बेचने वाले राजेश टिबड़ेवाल ने बताया कि बाजार में अलग-अलग रेट की राखियां हैं, लेकिन सबसे अधिक बिक्री 25 से 40 रुपये कीमत वाली राखियों की है। अब अलग-अलग डिजाइन की राखियां आ रही हैं। लोग डिजाइनर धागे वाली राखियों को पसंद कर रहे हैं। रेडिमेड कपड़ों के दुकानदार विशुन दास ने बताया कि रक्षाबंधन पर बच्चों के लिए कपड़ों की खूब बिक्री हुई। मिठाई के दुकानदार विजय मद्धेशिया ने बताया कि सबसे अधिक डिमांड लड्डू की रही। इसके बाद अन्य मिठाइयों की बिक्री भी हुई। अब त्योहार में लोग खुलकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि कपड़ा, मिठाई और अन्य खरीदारी को जोड़ दें तो करीब सात करोड़ रुपये का कारोबार हुआ होगा।
-
सभी ट्रेन फुल, बसों में भीड़
जिनके भाई-बहन दूर हैं, वे रविवार को ही उनके पास जाने के लिए ट्रेन से निकल पड़े। रविवार को गोरखपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली वैशाली, बिहार संपर्क क्रांति, सत्याग्रह, गोरखधाम समेत सभी ट्रेनों में भीड़ थी। लोग अंतिम समय तक आरक्षित टिकट के लिए जुगाड़ लगाते रहे। जिन्हें ट्रेन में जगह नहीं मिली, वे बस से निकले। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचे राहुल विश्वकर्मा का कहना था कि बहन दिल्ली में रहती है। सोमवार की सुबह वहां पहुंच जाएंगे। रात में वापसी है, मंगलवार को सुबह गोरखपुर आ जाएंगे।