उनवल। महाराष्ट्र की युवती ने खजनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अपने लिव इन पार्टनर पर महाराष्ट्र में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। आरोपी की तलाश में बुधवार रात महाराष्ट्र पुलिस युवक के घर पहुंची थी लेकिन उसका घर खाली मिला।
महाराष्ट्र की रहने वाली युवती का प्रेम-प्रसंग गोरखपुर के खजनी थाना के ढढौना निवासी एक युवक से चल रहा था। दोनों कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। लेकिन बाद में दोनों के बीच अनबन हो गई। युवक की शादी तय होने की सूचना पर युवती एसएसपी गोरखपुर से संपर्क कर खजनी पुलिस के साथ ढढौना गांव पहुंची। आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। उधर, युवती की शिकायत पर महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस बुधवार की रात खजनी स्थित उसके गांव में पहुंची, लेकिन आरोपी का घर खाली मिला। पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।