गोरखपुर। शहर के रुस्तमपुर इलाके में स्थित महुई सुघरपुर फुलवरिया में पागल कुत्ते ने एक ही परिवार के चार समेत 12 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया है। इसमें कई छोटे बच्चे भी हैं। 24 घंटे के भीतर कुत्ते के हमले में इतने अधिक लोगों के जख्मी होने के बाद मोहल्ले के लोग लोग डरे हुए हैं। लोग अकेले बच्चों को बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महुई सुघरपुर फुलवरिया के रहने वाले अरविंद यादव के बेटे अंश यादव (8) को बुधवार को कुत्ते ने काट लिया। बचाने गए अजय यादव पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। बगल में रहने वाले कमलेश यादव की बेटी नीलू यादव (15) को जख्मी कर दिया। जितेंद्र गुप्ता की बेटी शिवन्या (5) को भी काटकर घायल कर दिया। एक के बाद एक लोगों पर पागल कुत्ते के हमले से लोग डर गए। लोगों ने बच्चों को घर से बाहर निकलने से मना कर दिया। बड़े लोग हाथ में डंडा लेकर बाहर निकल रहे हैं। बृहस्पतिवार को कई लोग जिला अस्पताल पहुंचे और एंटी रैबिज का इंजेक्शन लगवाया। मुहल्ले के विजय प्रकाश, सिकंदर, रामजीत आदि का कहना था कि वे लोग कई बार नगर निगम के अफसरों से गली में घूमने वाले आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।