पहली दो मंजिल मरीजों के लिए, तीसरी व चौथी मंजिल रेजिडेंट डॉक्टर्स को होगी एलॉट
गोरखपुर। बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड की जर्जर हो चुकी बिल्डिंग की जगह नई बिल्डिंग दो साल में बनकर तैयार हो जाएगी। पहली व दूसरी मंजिला के 40 कमरे मरीजों को आवंटित किए जाएंगे। वहीं तीसरी व चौथी मंजिल के 40 कमरे अस्पताल में प्रशिक्षण लेने वाले जूनियर व सीनियर रेजिडेंट को एलॉट किया जाएगा।
अस्पताल के जेई बलवीर ने बताया की प्राइवेट वार्ड की बिल्डिंग को तोड़कर नई बिल्डिंग बनाने के लिए 3211.79 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस बिल्डिंग को बनाने का कॉन्ट्रैक्ट सीएनडीएस उत्तर प्रदेश जल निगम को दे दिया गया है। बता दें कि मेडिकल कॉलेज में वर्ष 1996 में दो मंजिला प्राइवेट वार्ड बना था, लेकिन एक दशक में ही भवन जर्जर हो गया। करीब पांच साल पहले पीडब्ल्यूडी ने अपनी रिपोर्ट में इस भवन को जर्जर घोषित कर दिया था। इस बिल्डिंग में सभी सुविधाएं मौजूद होंगी।
दिवाली बाद शुरू होगा सेंट्रल गलियारे का जीर्णोद्धार
गोरखपुर। बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल के मुख्य गलियारे का जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए बजट के साथ ही नोडल एजेंसी भी चयनित हो गई है। दिवाली बाद मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा। गलियारे के छत व दीवारों से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। कई जगह अंदर से ईंट व छड़ दिखने लगी है। बिल्डिंग को सपोर्ट देने के लिए लोहे के पाइप का जैकेट लगाया गया है। जेई बलवीर ने बताया कि मुख्य गलियारे के मरम्मत के लिए शासन ने 515.95 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन को मरम्मत का कार्य कराना है। 20 अगस्त को निर्माण कंपनी के खाते में 50 फीसदी धनराशि भी ट्रांसफर हो गई है। दिवाली बाद मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा।