गोरखपुर। लॉन टेनिस के खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए शहर में एक और कोर्ट मिलेगा। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में लॉन टेनिस कोर्ट बनाने की योजना है। रेलवे प्रशासन इसका प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
शहर में अभी गोरखपुर क्लब में लॉन टेनिस की प्रैक्टिस होती है। इसके अलावा लाॅन टेनिस का कोई दूसरा कोर्ट नहीं है। रेलवे स्टेडियम में हाल ही में बैडमिंटन हॉल का जीर्णोद्धार हुआ है। यहां पर अब तीन कोर्ट हो गए हैं। तीनों कोर्ट सिंथेटिक हैं। लॉन टेनिस के खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम में कोई व्यवस्था नहीं है। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन इसकी तैयारी कर रहा है। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में हॉकी ग्राउंड के बगल में इसे बनाने की तैयारी है। कोर्ट सिंथेटिक होगा जिसपर अभ्यास कर खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकेंगे।
-
गोरखपुर में बढ़ेगा रुझान
लॉन टेनिस खेलने वाले खिलाड़ी गोरखपुर में बहुत कम हैं। गोरखपुर की शगुन कुमारी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रही हैं। रेलवे स्टेडियम में कोर्ट बन जाने से गोरखपुर में इस खेल के प्रति रुझान बढ़ेगा।
-
कोट...
सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में लॉन टेनिस के लिए कोर्ट बनाने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके बन जाने से खिलाड़ियों की प्रैक्टिस आसान होगी। लॉन टेनिस में भी यहां से खिलाड़ी निकलेंगे।
- पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे