गुलरिहा। हरसेवकपुर नंबर दो निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में काम कर रहे अन्य मजदूर एंबुलेंस से घायल को अस्पताल ले गए जहां डॉक्क्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा थाना क्षेत्र के चौरी निवासी झिनकू गौड़ (45) पुत्र गणेश शहर में मजदूरी करता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह घर से काम के लिए गुलरिहा के हरसेवकपुर नंबर दो स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर गया था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2:30 बजे मकान पर बिना बिजली के कनेक्शन लिए खंभे से तार खींचकर टंकी में पानी भरा जा रहा था। पानी भरने गया मजदूर बिजली की चपेट में आकर उसी टंकी में गिर गया। कुछ देर बाद मजदूरों की नजर पड़ी तो मकान मालिक और ठेकेदार को सूचना दी। ठेकेदार और मकान मालिक एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज कर बिजली का तार खंभे से तोड़कर फरार हो गए। झिनकू के चार बेटे और दो बेटियां हैं।