गोरखपुर। कायस्थ पार्टी ने डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम वाराणसी का नाम बदलकर वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स किए जाने के विरोध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय शंकर श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. संपूर्णानंद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे। उनके नाम से बने स्टेडियम का नाम बदलना उनका ही नहीं, लोगों का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज की मांग है कि स्टेडियम का नाम वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स न रखकर दोबारा डॉ. संपूर्णानंद के नाम से रखा जाए। पार्टी के प्रमुख सचिव रमन श्रीवास्तव ने कहा कि जब तक स्टेडियम का नाम डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्टस स्टेडियम नहीं रखा जाता, तब-तक कायस्थ समाज का विरोध जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में गोरखलाल श्रीवास्तव, गौतम लाल, संदेश सामंत, मुकेश श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, अमरेश श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव प्रतिक श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।