17 अगस्त से लखनऊ में शुरू हो रहा टूर्नामेंट, नोएडा में हुआ था ट्रायल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश टी-20 प्रीमियर लीग में गोरखपुर के युवा क्रिकेटर कामिल खान अपना कौशल दिखाएंगे। उनका गोरखपुर लायंस टीम में चयन हुआ है। वह 17 अगस्त से इकाना स्टेडियम, लखनऊ में शुरू हो रहे टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। हाल ही में नोएडा में हुए ट्रायल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई।
चिलमापुर रुस्तमपुर निवासी कामिल खान लेफ्ट हैंड बल्लेबाज और ऑफ ब्रेक गेंदबाज हैं। वह 2017-18 में यूपी अंडर-16 टीम और 2021-22 में अंडर-19 टीम के सदस्य रह चुके हैं। वर्ष 2023 में यूपी टी-20 लीग में काशी रुद्र टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। 2024 में वह लखनऊ फाल्कन टीम का हिस्सा रहे और इस बार गोरखपुर लायंस का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वह शहर के उभरते खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। कामिल के पिता सुहेल अहमद खान यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर प्रयागराज में तैनात हैं। कामिल ने बचपन से ही गोरखपुर के क्रिकेट कोच दुर्गेश चौधरी से प्रशिक्षण लिया है। कामिल ने कहा कि यह अवसर उनके कॅरिअर के लिए बेहद अहम है और वह गोरखपुर का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
उनके चयन पर कोच दुर्गेश चौधरी, यूपीपीएससी के डायरेक्टर व मंडल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जीएन तिवारी, दुर्गेश सिंह, वेटरन क्रिकेट लीग प्रभारी आशीष श्रीवास्तव, आकाश सिंह, नीरज यादव, शिवेंद्र रावत, कमलेश सिंह, अमित सिंह सहित कई खेलप्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं।